प्रेम कहानी का खौफनाक अंत: युवक की हत्या का मामला
बालाघाट में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या
यह घटना बालाघाट के रामपायली थाना क्षेत्र की है। बुधवार को गर्राबोड़ी-मुरझड मार्ग पर 23 वर्षीय तरुण नगपुरे का शव सड़क किनारे पाया गया। उसके पास उसकी बाइक भी थी। प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस ने जब गहराई से जांच की, तो सच्चाई चौंकाने वाली निकली। तरुण का पिछले छह वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करने की योजना बना रहे थे, लेकिन युवती के परिवार ने उसकी शादी 5 मई को किसी और से तय कर दी।
तरुण ने अपनी प्रेमिका को अंतिम बार दुल्हन के कपड़ों में देखने के लिए शादी समारोह में भाग लिया। जब पुलिस ने शादी की रिकॉर्डिंग की जांच की, तो एक फ्रेम में तरुण पैदल चलते हुए दिखाई दिया। इसी से पुलिस को शक हुआ। दरअसल, युवती ने इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप कॉल के जरिए तरुण को शादी की रात बुलाया था.
हत्या की साजिश का खुलासा
जैसे ही युवती के भाई वेद प्रकाश ने तरुण को देखा, उसका गुस्सा भड़क उठा। उसने अपने भाई हरिप्रकाश और दोस्तों योगेश, कमल किशोर और दिलीप के साथ मिलकर तरुण को घेर लिया। स्टेज के पीछे ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे तरुण की मौत हो गई। हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने एक शातिर अपराधी की तरह योजना बनाई। उन्होंने तरुण के शव को उसकी बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
एक्सीडेंट को वास्तविकता में बदलने के लिए, चलती बाइक से तरुण के पैरों को सड़क पर रगड़ा गया ताकि घिसटने के निशान बन सकें। अंततः, गर्राबोड़ी के पास बाइक और शव को फेंक दिया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्यार के गम में सिर मुंडवा चुके तरुण को शायद यह नहीं पता था कि जिस प्रेम के लिए उसने सब कुछ त्याग दिया, उसका अंत इतना भयानक होगा।