प्रयागराज में रेलवे भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
प्रयागराज: नार्थ सेंट्रल रेलवे के प्रयागराज मंडल ने रेलवे की भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया है। गऊघाट क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 6500 वर्ग मीटर रेलवे भूमि को मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई डीआरएम प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। इस अभियान को अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने जिला प्रशासन के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। इस कार्य में रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल और सिविल प्रशासन की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अभियान में मंडल इंजीनियर वी. के. त्रिपाठी, सहायक मंडल इंजीनियर प्रवीन कुमार श्रीवास्तव और रामचंद्र सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता शशिकांत तिवारी, SSE/IOW/HQ सत्य प्रकाश सहित रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के लगभग 20 कर्मचारी शामिल रहे। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से सहायक सुरक्षा आयुक्त सुरेश यादव और प्रभारी निरीक्षक प्रयागराज अमित मीणा अपने लगभग 24 कर्मियों के साथ उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन और सिविल पुलिस की ओर से एसीपी अतरसुइया निकिता श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेश कुमार यादव सहित विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक और लगभग 60 पुलिस कर्मियों की मौजूदगी रही।