पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता के PA की हत्या से सियासी हलचल
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या
पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद कुछ स्थानों पर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। अब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या ने सियासी माहौल में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें चार गोलियां लगीं और यह घटना कोलकाता के मध्यमग्राम में हुई।
घटना के बारे में बताया गया है कि उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में रात लगभग 10:20 बजे चंद्रनाथ रथ विधानसभा का काम खत्म करके अपनी SUV से माइकलनगर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान, उनकी गाड़ी के सामने एक चारपहिया वाहन अचानक आकर रुका।
इस बीच, दो बाइक पर सवार चार हमलावर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और बिना समय गंवाए चंद्रनाथ रथ पर प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले में रथ को सीने और पेट में गोली लगी, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी घायल हो गए। हमलावर बिना हेलमेट के थे और गोलीबारी के बाद तुरंत फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने रथ और बेरा को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया।