पति की सफाई न रखने पर पत्नी ने मांगा तलाक, कोर्ट ने दिया बड़ा फैसला
पति की सफाई पर विवाद
नई दिल्ली। आमतौर पर घरेलू हिंसा या विवाहेतर संबंधों के कारण रिश्ते टूटते हैं, लेकिन क्या कोई सफाई के मुद्दे पर तलाक ले सकता है? हाल ही में तुर्की की एक महिला ने अपने पति के खिलाफ एक अनोखा मुकदमा दायर किया है।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति न तो नियमित रूप से नहाता है और न ही दांतों की सफाई करता है। उसने कोर्ट में कहा कि उसका पति सप्ताह में केवल एक या दो बार ही दांतों को ब्रश करता है। महिला की पहचान ए.वाई. के रूप में की गई है। तुर्की के समाचार मीडिया के अनुसार, पति की सफाई न रखने के कारण विवाद उत्पन्न हुआ।
महिला ने अंकारा की 19वीं फैमिली कोर्ट में बताया कि उसका पति लगातार 5 दिनों तक एक ही कपड़े पहने रहता है और उससे पसीने की गंध आती है।
गवाहों ने दी गवाही
महिला के दावों की पुष्टि के लिए गवाहों को पेश किया गया, जिनमें पति के सहकर्मी भी शामिल थे। सभी ने महिला के आरोपों को सही ठहराया। अदालत ने महिला के तलाक के आवेदन को स्वीकार कर लिया और पति को 500,000 तुर्की लीरा ($16,500- 13.68 लाख रुपये) का मुआवजा देने का आदेश दिया।
महिला के वकील, सेनेम यिलमाज़ेल ने कहा कि पति-पत्नी को साझा जीवन की जिम्मेदारियों का पालन करना चाहिए। यदि किसी के व्यवहार के कारण जीवन असहनीय हो जाता है, तो दूसरे पक्ष को तलाक का अधिकार है।
गंदगी की गंध से परेशान
गवाहों के अनुसार, पति हर 7-10 दिनों में एक बार ही नहाता था और इस कारण उसके शरीर और मुंह से गंदगी की गंध आती थी। सहकर्मियों ने भी कहा कि उनके लिए उसके साथ काम करना मुश्किल हो जाता था। अंततः महिला ने अपने पति से तलाक ले लिया। उल्लेखनीय है कि ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। 2018 में, एक ताइवानी व्यक्ति ने अपनी पत्नी को इसलिए तलाक दिया था क्योंकि वह साल में केवल एक बार नहाती थी।