पति की सफाई न रखने पर पत्नी ने मांगा तलाक, कोर्ट ने दिया बड़ा फैसला
पति की सफाई को लेकर विवाद
नई दिल्ली। आमतौर पर घरेलू हिंसा या विवाहेतर संबंधों के कारण रिश्ते टूटते हैं, लेकिन क्या कोई सफाई के अभाव में तलाक ले सकता है? हाल ही में तुर्की की एक महिला ने अपने पति के खिलाफ ऐसा मुकदमा दायर किया कि सब चौंक गए।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति नहाता नहीं है और उससे पसीने की गंध आती है। उसने बताया कि वह सप्ताह में केवल एक या दो बार ही अपने दांतों को ब्रश करता है। महिला की पहचान ए.वाई. के रूप में की गई है। तुर्की के समाचार मीडिया के अनुसार, इस विवाद का मुख्य कारण पति की सफाई की कमी थी।
महिला ने अंकारा की 19वीं फैमिली कोर्ट में कहा कि उसका पति लगातार 5 दिनों तक एक ही कपड़े पहनता है और उससे बदबू आती है।
गवाहों की गवाही और अदालत का फैसला
महिला के दावों की पुष्टि के लिए गवाहों को पेश किया गया, जिनमें पति के सहकर्मी भी शामिल थे। सभी ने महिला के आरोपों को सही बताया। अदालत ने महिला के तलाक के आवेदन को स्वीकार कर लिया और पति को 500,000 तुर्की लीरा ($16,500- 13.68 लाख रुपये) का मुआवजा देने का आदेश दिया।
महिला के वकील, सेनेम यिलमाज़ेल ने एक समाचार पत्र को बताया कि पति-पत्नी को साझा जीवन की जिम्मेदारियों का पालन करना चाहिए। यदि किसी के व्यवहार के कारण जीवन असहनीय हो जाता है, तो दूसरे पक्ष को तलाक का अधिकार है।
सफाई की कमी के कारण तलाक
गवाहों के अनुसार, पति हर 7-10 दिन में एक बार ही नहाता था और सप्ताह में केवल एक या दो बार अपने दांतों को ब्रश करता था। इस कारण उसके शरीर और मुंह से गंदी बदबू आती थी। उसके सहकर्मियों ने भी कहा कि उनके लिए उसके पास बैठकर काम करना मुश्किल हो जाता था। अंततः महिला ने तलाक ले लिया। उल्लेखनीय है कि ऐसे मामले पहले भी सामने आए हैं। 2018 में, एक ताइवानी व्यक्ति ने अपनी पत्नी को इसलिए तलाक दिया था क्योंकि वह साल में केवल एक बार नहाती थी।