पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित की
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को भाजपा के विचारक पंडित दीन दयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया।
सोशल मीडिया पर खांडू ने उपाध्याय को एक प्रभावशाली विचारक, संगठनकर्ता और मार्गदर्शक बताया, जिन्होंने मूल्यों और करुणा से प्रेरित राष्ट्र की नींव रखी। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हमारे राष्ट्र की आत्मा भारत माता है। माता के बिना, भारत केवल एक भूगोल, एक निर्जीव भूखंड मात्र बनकर रह जाएगा।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "मैं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं, जिन्होंने हमें एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन दिया तथा राष्ट्र निर्माण के पथ पर पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया।"
उपमुख्यमंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि
उपमुख्यमंत्री चोना मेन ने भी जनसंघ नेता को प्रेरणा स्रोत बताया, जिनके सिद्धांत आज भी भारत की प्रगति के मार्गदर्शक बने हुए हैं। मेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "एकात्म मानववाद और अंत्योदय की उनकी दृष्टि प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान की ओर समाज को ले जाने की हमारी यात्रा का प्रकाश पुंज है। आइए, हम एक आत्मनिर्भर, समावेशी और करुणामय भारत के निर्माण के लिए कार्य करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाएं।"