पंजाब में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान: 22,000 से अधिक तस्कर गिरफ्तार
पंजाब में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई
पंजाब में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत अब तक 22,000 से ज्यादा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की।
युद्ध नशियों के खिलाफ अभियान के अंतर्गत, पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को 113 मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा और उनके पास से 1.5 किलोग्राम हेरोइन, 5 किलोग्राम अफीम और 31,237 नशीली गोलियां बरामद कीं।
हालिया गिरफ्तारियों के बाद, 138 दिनों से चल रहे इस अभियान में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 22,377 हो गई है। विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि 93 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1300 से अधिक कर्मियों वाले 180 से ज्यादा पुलिस दलों ने बृहस्पतिवार को 433 स्थानों पर छापे मारे।
शुक्ला ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान राज्य भर में 81 प्राथमिकियां दर्ज की गईं। पुलिस दलों ने इस दौरान 483 संदिग्ध व्यक्तियों को भी पकड़ा। राज्य सरकार ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में एक पांच सदस्यीय कैबिनेट उप-समिति का गठन किया है, जो मादक पदार्थों के खिलाफ इस अभियान की निगरानी करेगी।
डीजीपी ने बताया कि राज्य सरकार ने नशे के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति - प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) - लागू की है।