पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य स्थिर
मुख्यमंत्री भगवंत मान की स्वास्थ्य स्थिति
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को शुक्रवार शाम को थकान और हृदय गति में कमी की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह जानकारी मोहाली के एक अस्पताल ने दी।
अस्पताल के अनुसार, मान (51) के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतों की जांच की गई और उनकी स्थिति अब स्थिर है। अस्पताल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, 'भगवंत मान को थकावट और हृदय गति में कमी के कारण मोहाली के फोर्टिस अस्पताल लाया गया। उनके शरीर के महत्वपूर्ण संकेतकों की जांच के बाद उनकी स्थिति स्थिर पाई गई।'
बयान में यह भी बताया गया कि मान फिलहाल निगरानी में हैं और उनकी नाड़ी की गति में सुधार हो रहा है। बयान में कहा गया, 'हमारी चिकित्सा टीम उनकी स्थिति पर लगातार ध्यान दे रही है।'
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले मान को वायरल बुखार होने की सूचना मिली थी। जब शाम तक उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ, तब उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया।
मान की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को मान के सरकारी आवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
केजरीवाल बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए बुधवार शाम पंजाब पहुंचे थे और पहले उनका मुख्यमंत्री के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का कार्यक्रम था। हालांकि, मान की अनुपस्थिति में केजरीवाल कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने चले गए।