नोएडा में 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की, तनाव की आशंका
नोएडा में छात्र की आत्महत्या का मामला
नोएडा (उप्र), 30 जुलाई - गौतमबुद्ध नगर के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा कॉलोनी में एक 17 वर्षीय छात्र ने बुधवार रात को आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इस घटना की जानकारी दी। ईकोटेक-3 थाना के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक गौरव पटेल बिहार के नालंदा जिले का निवासी था और ग्रेटर नोएडा के एक विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र था।
अधिकारी ने बताया कि गौरव ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, छात्र के आत्महत्या करने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सिंह ने यह भी बताया कि गौरव डायरी लिखता था, जिसमें उसके हाल के तनाव के संकेत मिले हैं।