नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, नई कैबिनेट में होंगे नए चेहरे
नीतीश कुमार का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण
नीतीश कुमार आज रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार जल्द ही शपथ ग्रहण करने वाली है। इस बार नीतीश अपनी नई कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को शामिल कर सकते हैं, जबकि कुछ पुराने चेहरों को भी बनाए रख सकते हैं। खबरों के अनुसार, नई सरकार में एनडीए के घटक दलों में से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हिस्से में सबसे अधिक 17 मंत्री होंगे, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पास 15 मंत्री होंगे।
सूत्रों के अनुसार, नई कैबिनेट के गठन में सहमति के तहत बीजेपी के पास स्पीकर के अलावा 17 मंत्री पद होंगे। जेडीयू के हिस्से में 15 मंत्री बनाए जाएंगे। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) के 2 मंत्री होंगे, जबकि जीतन राम मांझी (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी (RLM) से 1-1 मंत्री बनाए जाएंगे। नीतीश के अलावा सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बीजेपी कोटे से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
मंत्री पद की दौड़ में दिलीप जयसवाल
नीतीश सरकार में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल भी मंत्री बन सकते हैं। इसके अलावा श्रेयसी सिंह, राम निषाद, सुरेंद्र मेहता, मंगल पांडे, नितिन नवीन, नारायण शाह, राम कृपाल और संजय टाइगर के नाम भी मंत्री के रूप में चर्चा में हैं।
वहीं, जेडीयू के संभावित मंत्रियों में ज्यादातर पुराने चेहरे शामिल हैं। इनमें विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, जयंत राज और सुनील कुमार के नाम चर्चा में हैं।
मांझी और कुशवाहा के बेटे भी मंत्री बनेंगे!
एलजेपी (आर) के कोटे से संजय पासवान, राजू तिवारी और राजीव रंजन सिंह (डेहरी) का नाम सबसे आगे है। वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हम (HAM) पार्टी से संतोष सुमन को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
संतोष सुमन, जीतन राम मांझी के बेटे हैं और पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। इसी तरह उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से उपेंद्र के बेटे दीपक प्रकाश का नाम भी चर्चा में है।