नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
नीतीश कुमार का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण
जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार आज पटना के प्रसिद्ध गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में रिकॉर्ड 10वीं बार शपथ लेने जा रहे हैं। उनके साथ 19 मंत्रियों के भी शपथ लेने की उम्मीद है।
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहेंगे।
राजग के तहत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। अमित शाह और जे पी नड्डा शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए पटना पहुंच चुके हैं। नीतीश ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
भाजपा और जद(यू) को मंत्रिमंडल में स्थान मिलने के साथ-साथ अन्य सहयोगियों के साथ संतुलन बनाने के लिए प्रत्येक छह विधायकों पर एक मंत्री पद मिलने की संभावना है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) को एक-एक मंत्री पद मिलने की उम्मीद है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को तीन मंत्री पद मिल सकते हैं, जबकि शेष भाजपा और जद(यू) के बीच बांटे जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा और जद(यू) के आठ-आठ विधायक आज शपथ लेंगे, और आरएलएम, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) तथा चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक भी शपथ ले सकते हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं और कार्यक्रम में तीन लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। सूत्रों ने यह भी बताया कि नए मंत्रिमंडल का विस्तार अगले साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद किया जाएगा।