नासिक में हल्का भूकंप, मकानों में दरारें आईं लेकिन कोई हताहत नहीं
नासिक में भूकंप के झटके
नासिक, 9 अगस्त: महाराष्ट्र के नासिक में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ क्षेत्रों में मकानों में दरारें आ गईं। अधिकारियों ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी। राहत की बात यह है कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 की तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 की तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हाटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भनवड क्षेत्र में पांच किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई।
नासिक शहर के कुछ हिस्सों के अलावा, जिले की सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी और निफाड तहसीलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आईं। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में बांधों का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन उनमें कोई नुकसान नहीं पाया गया। जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने कहा, 'लोगों को डरने की आवश्यकता नहीं है और न ही उन्हें किसी अफवाह पर विश्वास करना चाहिए। हालांकि, सभी को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतनी चाहिए।' इससे पहले, जिले में 25 से 28 जुलाई और 6 अगस्त को भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे।