नासिक पुलिस ने एआईएमआईएम पार्षद को यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार किया
नासिक में यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन का मामला
नासिक, 7 अगस्त: नासिक पुलिस ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के आरोप में एक संदिग्ध को सहायता और आश्रय देने के आरोप में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के एक पार्षद को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मतीन पटेल को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने आरोपी निदा खान को पनाह दी।
पुलिस ने बताया कि पटेल को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। एक अधिकारी ने कहा कि नासिक शहर पुलिस की अपराध शाखा की एक विशेष टीम छत्रपति संभाजीनगर गई और पटेल को वहां से लाया। निदा खान की गिरफ्तारी के बाद, जिसे अब जमानत मिल चुकी है, पुलिस ने पटेल और उस मकान के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जहां वह रह रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि पटेल को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा। नासिक पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की एक शाखा में कर्मचारियों के कथित शोषण, जबरदस्ती धर्म परिवर्तन, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न से जुड़े कुल नौ मामलों की जांच कर रहा है। यह मामला मार्च में सामने आया था।