नवांशहर में मां के प्रेमी ने नाबालिग बेटी की हत्या की, शव को जलाया
मां के प्रेमी ने की बेटी की हत्या
पंजाब के नवांशहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां का प्रेमी उसकी 16 वर्षीय बेटी का हत्यारा निकला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की है। हत्यारे ने नाबालिग को मारने के बाद उसका शव एक सूटकेस में बंद कर दिया और फिर उसे जंगल में ले जाकर जला दिया। नवांशहर पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। आरोपी का नाम गुरविंदर सिंह है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
नवांशहर के एसएसपी तुषार गुप्ता ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका की मां उषा ने पुलिस को सूचित किया कि उनकी बेटी घर से गायब है। उषा ने पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी दिया, लेकिन जांच के दौरान यह फुटेज किसी अन्य लड़की का निकला। पुलिस ने क्षेत्र के अन्य सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे मामले का सच सामने आया।
जंगल में मिला जला हुआ शव
पुलिस ने उस लड़के से पूछताछ की, जो मृतका की मां के साथ आया था। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह मोटरसाइकिल पर सूटकेस लेकर गया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लड़की की हत्या घर में की और शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने मौके पर जाकर जली हुई लाश को बरामद किया।
लड़की का विरोध और हत्या का कारण
इस मामले में एक और तथ्य सामने आया है कि लड़की अपनी मां के प्रेम संबंध का विरोध कर रही थी। इसी कारण आरोपी ने 29 मई को घर में अकेली मौजूद नाबालिग राधिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को सूटकेस में बंद कर मोटरसाइकिल पर ले जाकर खुरालगढ़ (जिला होशियारपुर) के जंगल में आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ गोपा (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से 4 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले की जांच जारी है।