देशभर में मौसम में बदलाव, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम अपडेट:
देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में आंधी और बारिश का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 मई को दिल्ली में बारिश की संभावना है। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर भारत में बारिश की संभावना
उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 16 मई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है.
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी मौसम का प्रभाव देखने को मिलेगा। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 13 से 18 मई तक भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 13 से 17 मई के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जलभराव और भूस्खलन की आशंका है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश का अलर्ट
पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की संभावना है। बिहार और झारखंड के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी चल सकती है, जहां हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मध्य और दक्षिण भारत में मौसम
मध्य भारत के छत्तीसगढ़ में 13 से 16 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि कर्नाटक के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका है.