दूल्हे की बारात में दुल्हन ने शादी से किया इनकार, हंगामा मच गया
बिजनौर में शादी का विवाद
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर कस्बे से एक अनोखी शादी की कहानी सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है। एक बैंकट हॉल में निकाह की रस्में चल रही थीं और स्वादिष्ट भोजन परोसा जा रहा था। लेकिन दुल्हन के एक फैसले ने इस खुशी के मौके को तनाव में बदल दिया। यह मामला नूरपुर के इस्लाम नगर के निवासी उस्मान के बेटे शुऐब उर्फ बब्बू की बारात का है, जो नहटौर के नाज बैंकट हॉल पहुंची थी.
दूल्हा और दुल्हन आपस में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन निकाह से पहले दुल्हन ने शादी से मना कर दिया। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा पक्ष ने वादे के अनुसार मेकअप का सामान नहीं दिया। उसने स्पष्ट कहा कि जो उसकी छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान नहीं रख सकता, वह उससे शादी नहीं करेगी.
’12 लाख की नई कार सजाकर लाया था’
दुल्हन के इनकार के बाद दूल्हा शुऐब सदमे में आ गया। उसने कहा कि उसने अपनी शादी के लिए 12 लाख की नई गाड़ी खरीदी थी और उसे फूलों से सजवाया था। लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। देखते ही देखते खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। दुल्हन ने कहा कि उसके लिए मेकअप का सामान नहीं भेजा गया, इसलिए वह शादी नहीं करेगी.
जमकर चले ईंट-पत्थर, क्षतिग्रस्त हुई दूल्हे की कार
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। बैंकट हॉल के बाहर पथराव होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ओर से जमकर ईंटें चलीं। इस हंगामे में दूल्हे की नई चमचमाती कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके शीशे टूट गए.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, बेरंग लौटी बारात
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रव कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया। मौलवियों और गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन किसी भी कीमत पर शादी के लिए तैयार नहीं हुई। अंततः, चिकन-मटन और रसमलाई का आनंद लेने आई बारात को बिना दुल्हन के ही बेरंग लौटना पड़ा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित तहरीर नहीं दी है, शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.