दुल्हन ने दूल्हे की उम्र देख शादी से किया इनकार, लौट गई बारात
दुल्हन ने शादी से किया इनकार
प्रतीकात्मक तस्वीर.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक अनोखी शादी की कहानी सामने आई है, जहां दुल्हन ने दूल्हे की उम्र देखकर शादी से मना कर दिया। यह घटना तब हुई जब दूल्हा बारात लेकर आया, लेकिन दुल्हन को सच्चाई का पता चलते ही उसने शादी कैंसिल कर दी। इस पर हंगामा मच गया और पुलिस को बुलाना पड़ा। दुल्हन के परिवार ने दूल्हे के परिवार पर धोखा देने का आरोप लगाया।
दुल्हन ने कहा कि उसे किसी और की तस्वीर दिखाई गई थी, लेकिन जब असली दूल्हा आया, तो उसकी उम्र दुल्हन के पिता के बराबर थी। इस वजह से दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। हालांकि, दुल्हन के परिवार ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी और दूल्हे के परिवार को खाना खिलाकर विदा किया।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में इंदौर से बारात आई थी। दुल्हन पक्ष ने बारात का स्वागत किया, लेकिन जैसे ही दुल्हन ने दूल्हे को देखा, उसने शादी से मना कर दिया। इससे हंगामा खड़ा हो गया।
पंचायत और पुलिस की मौजूदगी
दुल्हन के परिवार ने दूल्हा बदलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घंटों तक पंचायत चली, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंततः पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दूल्हे के परिवार के सदस्यों ने रात में ही इंदौर लौटने का निर्णय लिया। कुछ बराती वहीं रुके, जिन्हें दुल्हन के परिवार ने भोजन कराया और सुबह विदा किया। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया।