दुरंतो एक्सप्रेस: जानें सबसे छोटी दूरी वाली ट्रेन के बारे में
दुरंतो एक्सप्रेस की विशेषताएँ
भारतीय रेलवे की प्रीमियम श्रेणी में शामिल दुरंतो एक्सप्रेस अपनी तेज गति और सीमित स्टॉपेज के लिए प्रसिद्ध है। आमतौर पर ये ट्रेनें लंबी दूरी तय करती हैं, लेकिन इस श्रेणी में एक ऐसी ट्रेन भी है जो अपेक्षाकृत कम दूरी तय करती है। यह विशेष दुरंतो एक्सप्रेस न केवल कम दूरी तय करती है, बल्कि इसका यात्रा समय और किराया भी यात्रियों के लिए आकर्षक है। आइए जानते हैं कि यह ट्रेन कौन सी है, इसका सफर कितना समय लेता है और किराया कितना है।
सबसे छोटी दूरी वाली दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन
भारत में सबसे कम दूरी तय करने वाली दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन सियालदह और पुरी के बीच चलती है। यह ट्रेन कुल 522 किलोमीटर की यात्रा करती है और इसे पूरा करने में 8 घंटे 10 मिनट लगते हैं। ट्रेन नंबर 22201/22202 में सेकेंड क्लास, स्लीपर क्लास, एसी3, एसी2 और एसी फर्स्ट क्लास के कोच उपलब्ध हैं, जिससे यात्री अपनी पसंद के अनुसार कोच का चयन कर सकते हैं। IRCTC के अनुसार, इस ट्रेन में यात्रा करने के लिए सेकेंड क्लास में ₹355, स्लीपर क्लास में ₹655, एसी3 में ₹1620, एसी2 में ₹2175 और एसी फर्स्ट क्लास में ₹2650 का किराया लगता है।
ट्रेन की टाइमिंग और यात्रा का समय
- दुरंतो एक्सप्रेस (22201) का शेड्यूल
- प्रस्थान: सियालदह से रात 20:00 बजे
- आगमन: पुरी सुबह 04:10 बजे
- कुल यात्रा समय: लगभग 8 घंटे 10 मिनट
- दुरंतो एक्सप्रेस (22202) का शेड्यूल
- प्रस्थान: पुरी से शाम 19:25 बजे
- आगमन: सियालदह सुबह 04:15 बजे
- कुल यात्रा समय: लगभग 8 घंटे 50 मिनट
सियालदह और पुरी के बीच इस ट्रेन का स्टॉपेज केवल खड़गपुर और भुवनेश्वर में है। यह ट्रेन सियालदह से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलती है, जबकि पुरी से सियालदह के लिए यह मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलती है।
ममता बनर्जी द्वारा शुरू की गई
सियालदह-पुरी दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन, भारतीय रेलवे द्वारा संचालित एक प्रमुख सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन है, जिसे 2009 में तत्कालीन रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शुरू किया था। इसका उद्देश्य मेट्रो शहरों को तेज गति से जोड़ना था। यह ट्रेन पूर्वी रेलवे जोन द्वारा संचालित होती है। प्रारंभ में, इस ट्रेन में कोई कॉमर्शियल स्टॉपेज नहीं था, लेकिन 2016 से इसे भुवनेश्वर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकने वाली एक कॉमर्शियल ट्रेन बना दिया गया।