दिल्ली में हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की जांच
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने कंझावला क्षेत्र में 25 वर्षीय एक युवक की हत्या के मामले में मंगलवार को तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि महावीर विहार के निकट गोलीबारी की सूचना सुबह छह बजकर 55 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची, जो एक घर के सामने स्थित खाली भूखंड था।
हत्या का विवरण
पुलिस ने बताया कि मृतक मोहम्मद अफरोज उर्फ बाबू के सिर के पिछले हिस्से और सीने में गोलियां लगी थीं। पीड़ित के भाई आजाद के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1) (हत्या) और 3(5) (संयुक्त दायित्व) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच और साक्ष्य
अपराध की जांच कर रहे दल और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि सोमवार रात अफरोज अपने दोस्तों रोहित उर्फ भांजा (28), संदीप उर्फ कबूतर (28) और लकी (21) के साथ महावीर विहार में शराब पी रहा था।
गिरफ्तारी और कबूलनामा
पुलिस ने बताया कि उनके बीच बहस हुई, जिसके बाद रोहित ने अफरोज को कथित तौर पर गोली मार दी और वहां से भाग गया। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई।
पुलिस ने कहा कि रोहित ने अफरोज पर गोली चलाने की बात कबूल की, जबकि लकी और संदीप ने हत्या में उसकी सहायता की। संदीप पहले भी डकैती और हत्या के प्रयास के दो मामलों में शामिल रहा है, जो 2021 में क्रमशः प्रेम नगर और कंझावला पुलिस थानों में दर्ज किए गए थे। रोहित और लकी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।