दिल्ली में युवक ने निगले 39 सिक्के और 37 चुंबक, सर्जरी से निकाले गए
दिल्ली में अजीब मामला
नई दिल्ली। एक युवक ने अपने शरीर में जिंक की मात्रा बढ़ाने के लिए 39 सिक्के और 37 चुंबक के टुकड़े निगल लिए। उसके परिवार वालों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार है और उसे सिक्के खाने की आदत हो गई है।
दिल्ली के एक निजी अस्पताल में सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने 26 वर्षीय युवक के पेट से ये सभी वस्तुएं निकालीं। युवक को जब पेट में तेज दर्द हुआ, तब उसे अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पेट में कुछ असामान्य वस्तुएं देखीं।
जानकारी के अनुसार, युवक ने जिंक की कमी को पूरा करने के लिए ये सिक्के और चुंबक निगले थे। अस्पताल के लेप्रोस्कोपिक सर्जन, डॉक्टर तरुण मित्तल ने बताया कि एक्सरे में सिक्कों जैसी वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद सीटी स्कैन से आंत में रुकावट का पता चला।
सर्जरी के दौरान, डॉक्टरों ने पाया कि सिक्के और चुंबक छोटी आंत में दो अलग-अलग लूपों में फंसे हुए थे। चुंबकीय प्रभाव के कारण ये लूप एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। अंततः, डॉक्टरों ने सर्जरी कर सभी सिक्के और चुंबक निकाले। इनमें एक रुपये, दो रुपये और पांच रुपये के कुल 39 सिक्के शामिल थे। मरीज को इलाज के सात दिन बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।