दिल्ली में युवक ने निगले 39 सिक्के और 37 चुंबक, सर्जरी से निकाले गए
दिल्ली में अजीब मामला
नई दिल्ली। एक युवक ने अपने शरीर में जिंक की मात्रा बढ़ाने के लिए 39 सिक्के और 37 चुंबक के टुकड़े निगल लिए। उसके परिवार वालों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार है और उसे सिक्के खाने की आदत हो गई है।
दिल्ली के एक निजी अस्पताल में सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने 26 वर्षीय युवक के पेट से ये सभी वस्तुएं निकालीं। युवक को जब पेट में तेज दर्द हुआ, तब उसे अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पेट में कुछ असामान्य वस्तुओं का पता लगाया।
सूत्रों के अनुसार, युवक ने जिंक की कमी को पूरा करने के लिए ये सिक्के और चुंबक निगले थे। अस्पताल के लेप्रोस्कोपिक सर्जन, डॉक्टर तरुण मित्तल ने बताया कि एक्सरे में सिक्कों की छवि स्पष्ट दिखाई दी। इसके बाद सीटी स्कैन से आंत में रुकावट का पता चला।
डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान, सिक्के और चुंबक छोटी आंत में दो अलग-अलग लूपों में पाए गए। चुंबकीय प्रभाव ने इन लूपों को एक साथ खींच लिया, जिससे आंत में समस्या उत्पन्न हुई।
सर्जरी के बाद, डॉक्टरों ने 39 सिक्के, जिनमें एक रुपये, दो रुपये और पांच रुपये के सिक्के शामिल थे, और 37 चुंबक निकाले। मरीज को इलाज के सात दिन बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।