दिल्ली में अगस्त में रिकॉर्ड बारिश, औसत से अधिक वर्षा हुई
दिल्ली में अगस्त की बारिश का हाल
नई दिल्ली, 9 अगस्त: राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त के पहले आठ दिनों में इस महीने की औसत वर्षा से अधिक बारिश हो चुकी है। सफदरजंग मौसम केंद्र ने अब तक 230.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की है। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक इस महीने में 225.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
इसके बाद शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 4.4 मिलीमीटर और बारिश हुई, जिससे कुल वर्षा 230.1 मिलीमीटर तक पहुंच गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 1991 से 2020 के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अगस्त में औसतन 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है। इस साल शनिवार को पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।
सफदरजंग में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 98.7 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले, अगस्त में एक दिन में इससे अधिक बारिश 1 अगस्त 2024 को हुई थी, जब 107.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।
शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पालम में 104.6 मिलीमीटर, आयानगर में 115 मिलीमीटर, रिज में 89.8 मिलीमीटर और लोधी रोड पर 86.8 मिलीमीटर बारिश हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच आयानगर में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 9.4 मिलीमीटर और लोधी रोड में 6.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि सफदरजंग और पालम में 4.4-4.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश की संभावना है।