दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या: आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में हत्या का सनसनीखेज मामला
दिल्ली समाचार: राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी में हुई एक चौंकाने वाली हत्या के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मुख्य संदिग्ध राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे द्वारका के एक होटल से पकड़ा। जानकारी के अनुसार, राहुल मीणा (19) पहले IRS अधिकारी के घर पर काम करता था और उसे दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। घटना के बाद से पुलिस को उस पर शक था।
CCTV फुटेज से मिली पहचान
जांच के दौरान यह पता चला कि आरोपी ने सुबह 6:30 बजे कॉलोनी में प्रवेश किया और 6:39 बजे घर में घुसा। लगभग 7:20 बजे वह वहां से बाहर निकल गया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की। यह घटना बुधवार सुबह हुई, जब युवती के माता-पिता घर से बाहर गए थे। इसी दौरान राहुल मीणा ने घर में घुसकर मोबाइल चार्जिंग केबल से युवती का गला घोंट दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लूट और यौन उत्पीड़न का मामला
प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या से पहले यौन उत्पीड़न की आशंका जताई गई है। पुलिस ने राहुल मीणा के खिलाफ रेप, हत्या और लूट के आरोपों में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि वह घर से लगभग ढाई लाख रुपए भी लेकर भाग गया था। जांच में यह भी सामने आया कि राहुल ने दिल्ली आने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ रेप किया था।
गिरफ्तारी के लिए 15 टीमें गठित
दिल्ली पुलिस ने राहुल मीणा की गिरफ्तारी के लिए 15 टीमें बनाई थीं, जिन्हें दिल्ली और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा गया। संयुक्त प्रयासों के बाद आरोपी को द्वारका के एक OYO होटल से गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी पता चला कि घर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक अतिरिक्त चाबी रखी जाती थी, जिसकी जानकारी राहुल को थी। इसी चाबी का उपयोग कर उसने घर में प्रवेश किया।
मृतका की स्थिति
दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने सुबह सूचना दी थी। अस्पताल से भी जानकारी मिली थी। IRS अधिकारी की बेटी घर के एक फ्लोर पर बेहोशी की हालत में मिली। माता-पिता सुबह मॉर्निंग वॉक पर गए थे। जब लौटकर देखा तो बच्ची बेहोश थी। उन्हें उसे अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राहुल मीणा की नाराजगी
जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि IRS अधिकारी ने अपने ऑफिस के एक सहकर्मी के रेफरेंस से राहुल मीणा को एक साल पहले काम पर रखा था। उसे दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। नौकरी से हटाने का कारण यह था कि राहुल आसपास की दुकानों से घर का सामान लाने में पैसे की हेराफेरी करता था। यह बात घरवालों को पता लग गई थी। इसी कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
ऑनलाइन गेमिंग की लत
जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि आरोपी राहुल ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और घर से उधार पैसे लेता था, लेकिन वापस नहीं करता था। हत्या के बाद उसने कपड़े बदले और घर से भाग गया। एक दिन पहले 21 अप्रैल को अलवर में भी उसने एक रेप की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस की कार्रवाई
जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि बच्ची का कमरा ऊपर के फ्लोर पर है, जहां पर उसने वारदात को अंजाम दिया। घर से ढाई लाख रुपए भी लेकर गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं और उससे पूछताछ जारी है। मामले की हर कड़ी को जोड़कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।