दिल्ली पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाया विशेष अभियान, 12 गिरफ्तार
दिल्ली में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई
नई दिल्ली, 28 जुलाई: दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी जिले में 24 घंटे के विशेष अभियान के दौरान 12 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया और छह प्राथमिकी दर्ज की। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी साझा की। अभियान का उद्देश्य उन गिरोहों को समाप्त करना था, जो कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धन को पहले 'म्यूल' बैंक खातों में स्थानांतरित करते थे और फिर शहर के विभिन्न एटीएम से निकालते थे।
जांचकर्ताओं ने गिरोह के सदस्यों की पहचान के लिए पैसे निकालने के पैटर्न, 68 संदिग्ध बैंक खातों, एटीएम और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खाता जानकारी और लेन-देन का विश्लेषण किया। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज 100 से अधिक शिकायतें इन खातों से संबंधित पाई गईं, जिनमें लाखों रुपये की धोखाधड़ी शामिल थी। अधिकारी ने कहा कि इस विश्लेषण के आधार पर कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
आरोप है कि ये सभी म्यूल खातों की उपलब्धता, खातों का संग्रहण, कमीशन एजेंट, नकद प्रबंधन और फर्जी कॉल सेंटर संचालन में शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान छह अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ, जिनमें छात्रवृत्ति धोखाधड़ी, फर्जी ऋण धोखाधड़ी, निवेश धोखाधड़ी, नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और बेंगलुरु से जुड़े करोड़ों रुपये के 'डिजिटल अरेस्ट' धोखाधड़ी शामिल हैं।