दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को दी मंजूरी
कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' को जंतरमंतर पर अपने विरोध प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। पार्टी ने अपने समर्थकों से अपील की थी कि वे शनिवार सुबह 9 बजे संसद मार्ग थाने के बाहर एकत्रित हों। इससे पहले, विरोध प्रदर्शन के खिलाफ दायर याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया, जिससे प्रदर्शन के आयोजन में कोई कानूनी रुकावट नहीं रही।
जस्टिस सौरभ बनर्जी और जस्टिस अमित शर्मा की खंडपीठ ने कहा कि याचिका पर नियत समय पर सुनवाई की जाएगी। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके ने नीट पेपर लीक और शिक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। वह शनिवार सुबह बोस्टन से नई दिल्ली पहुंचे और सोशल मीडिया पर समर्थकों से किताब और तिरंगा लाने की अपील की।
उन्होंने लिखा, 'लैंडिंग हो गई। जंतरमंतर पर आप सभी से मिलने का बेसब्री से इंतजार है। किताब और तिरंगा लाना न भूलें! पुलिसकर्मियों को फूल भेंट करें। हमें इस आंदोलन को प्रेम और शांति के साथ आगे बढ़ाना है!' दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संसद मार्ग थाना क्षेत्र और अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस बलों की तैनाती की गई है।
'कॉकरोच जनता पार्टी' नीट पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज से जंतरमंतर पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सरकारी आवासों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अभिजीत दिपके ने पहले ही घोषणा की थी कि वह 6 जून को बोस्टन से भारत लौटेंगे और नीट पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।
शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा था कि यदि 5 जून तक धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। विरोध प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए नई दिल्ली क्षेत्र में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस ने अपने जवानों को प्रदर्शनकारियों के साथ टकराव से बचने और बातचीत के जरिए स्थिति को शांत बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली को 12 जोन में बांटा है और प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी डीसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। सभी जिला और यूनिट डीसीपी को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित होने और कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों की आशंका जताई गई है।