दिल्ली पुलिस ने 15 साल से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली में हत्या और लूट का मामला
नई दिल्ली, 2 अगस्त: दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली में एक कमीशन एजेंट से लूट और हत्या के मामले में 15 साल से फरार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 हजार रुपये के इनाम का आरोपी नौशाद (37) को शुक्रवार को शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास से पकड़ा गया।
यह मामला गांधी नगर मार्केट के कमीशन एजेंट अतुल जैन की हत्या से संबंधित है, जिनकी छह मार्च 2011 को नकदी की वसूली करके घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जैन के पास लगभग 8.5 लाख रुपये से भरा एक बैग था। हथियारबंद बदमाशों के एक समूह ने उन्हें लक्ष्मी नगर के मंगल बाजार रोड पर रोक लिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर बंदूक का भय दिखाकर लूटपाट करने का प्रयास किया। जब जैन ने विरोध किया, तो नौशाद और भूरा उर्फ मुस्तकीन समेत दो आरोपियों ने गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई और वे नकदी से भरा बैग लेकर भाग गए। जैन को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में शकरपुर थाने में हत्या, लूट, आपराधिक साजिश और समान मंशा से अपराध करने के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि पहले ही चार आरोपियों (अरशद, भूरा उर्फ मुस्तकीन, नदीम उर्फ नड्डा और जाकी अनवर) को गिरफ्तार कर आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका था, और अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया। हालांकि, नौशाद गिरफ्तारी से बचता रहा और लगातार फरार रहा।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में अपराध शाखा को फरार आरोपी का पता लगाने का कार्य सौंपा गया, जिसके बाद नौशाद की गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए नौशाद लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। इस जानकारी के आधार पर कि वह शास्त्री पार्क क्षेत्र में आएगा, एक टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, बिहार के सहरसा जिले का निवासी नौशाद विवाहित है।