दिल्ली के आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच झड़प, राजनीतिक तनाव बढ़ा
आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच संघर्ष
नई दिल्ली, 7 अगस्त - आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (एयूडी) में नए छात्रों के लिए आयोजित 'ओरिएंटेशन' कार्यक्रम के दौरान वामपंथी समर्थित ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और आरएसएस से जुड़ी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हुई। आइसा ने एक बयान में कहा कि एमए राजनीति विज्ञान के पहले वर्ष के छात्रों के 'ओरिएंटेशन' कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी के सदस्यों ने उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया। यह घटना तब हुई जब संकाय सदस्य कार्यक्रम स्थल छोड़ चुके थे और आइसा के सदस्य नए छात्रों से बातचीत कर रहे थे।
आइसा के अनुसार, एबीवीपी के एक सदस्य ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने विभाग में अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखीं, तो उनके खिलाफ हिंसा की जाएगी। संगठन ने यह भी कहा कि परिसर के सुरक्षाकर्मी समय पर नहीं पहुंचे और झड़प में हस्तक्षेप नहीं किया, बल्कि आइसा के सदस्यों से वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने के लिए कहा। आइसा ने यह भी आरोप लगाया कि झड़प की शुरुआत विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हाल में जारी अधिसूचनाओं के कारण हुई, जिसमें परिसर में किसी भी सभा के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया था।
संगठन ने कहा कि ये कदम छात्रों की लोकतांत्रिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।