दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव, धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज
नई दिल्ली। आज (शुक्रवार) सुबह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद सहित एनसीआर के इलाकों में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल रही हैं। इस धूल भरी आंधी के कारण सड़कों पर धुंध छाई हुई है, जिससे दृश्यता में कमी आई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। हवाओं की गति 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। IMD ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 4 अप्रैल को भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह परिवर्तन हो रहा है। मौसम विभाग ने हरियाणा में भी धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 3-4 अप्रैल को दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। IMD के अनुसार, अगले 1-2 दिनों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। अप्रैल में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ का आगमन हो सकता है। यह हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश के मौसम पर प्रभाव डालेगा। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।