×

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में अचानक बदलाव, आंधी और बूंदाबांदी

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली, जिसमें आंधी और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। हवा की गति 50 किमी/घंटा तक पहुंच गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। गुरुग्राम में सुबह हल्का कोहरा और शाम को धूलभरी हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। यह बदलाव गर्मी से राहत देने के साथ-साथ जनजीवन को भी प्रभावित कर रहा है।
 

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज


नई दिल्ली। बुधवार शाम को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित एनसीआर क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली। आंधी के साथ बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ।

सूत्रों के अनुसार, हवा की गति 50 किमी/घंटा तक पहुंच गई है और बिजली कड़कने लगी है। इसके परिणामस्वरूप सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और मेट्रो सेवाएं भी देरी से चल रही हैं।

गुरुग्राम में सुबह हल्का कोहरा और शाम को धूलभरी हवा के साथ बूंदाबांदी हुई।

साइबर सिटी में बुधवार को मौसम ने कई रंग बदले। सुबह की नमी के कारण हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और ठंडक का अनुभव हुआ। दिन चढ़ने के साथ, आसमान में बादल छाने लगे, हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकली।

बदलते मौसम के बीच अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे क्षेत्र में मौसम में बदलाव आया। कहीं बूंदाबांदी हुई तो कहीं तेज हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह फसल कटाई का समय है।

शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली। शाम करीब 6:30 बजे तेज धूलभरी हवा चलने लगी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ गई। दिनभर की गर्मी के बाद आई इस बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया और तापमान में गिरावट आई।

दिल्ली में अगले दिन का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और शाम के समय हल्की बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। साथ ही, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा चलने की संभावना है।

इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और मौसम ठंडा बना रह सकता है। मौसम के इस बदलाव ने गर्मी से राहत दी है, लेकिन तेज हवाओं और धूलभरी आंधी ने जनजीवन को कुछ समय के लिए प्रभावित किया। बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत महसूस की।