×

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में भीषण गर्मी, मानसून की दस्तक

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। मौसम विभाग ने हीटवेव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, मानसून की उत्तरी सीमा दक्षिणी अरब सागर और बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गई है, जिससे अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना है। जानें और क्या-क्या हो रहा है मौसम के मोर्चे पर।
 

गर्मी से बेहाल दिल्ली-एनसीआर और यूपी

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। हीटवेव के चलते घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भीषण लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने दिल्ली में हीटवेव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि यूपी में भी लू को लेकर चेतावनी दी गई है। कल दिल्ली-एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई थी। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.


भीषण लू से प्रभावित राज्य

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, विदर्भ और बिहार जैसे कई राज्य भीषण लू की चपेट में रहेंगे। IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में गंभीर लू की स्थिति बनने की चेतावनी दी है। पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 24 से 28 मई के बीच गर्मी से लोग परेशान रहेंगे। दिल्ली में गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि राजस्थान में धूलभरी आंधी चल सकती है। बिहार और झारखंड में 24 और 25 मई को तेज आंधी की संभावना है.


मानसून की प्रगति

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा दक्षिणी अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी है। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। केरल में मानसून 26 मई तक पहुंचने की उम्मीद है.


विदर्भ में रिकॉर्ड गर्मी

आईएमडी के अनुसार, देश के कई हिस्सों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। कल विदर्भ के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्म रातों का सामना करना पड़ रहा है.


उत्तराखंड-हिमाचल का मौसम

दिल्ली और यूपी में जहां गर्मी का प्रकोप है, वहीं मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.


भारी बारिश का अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 मई तक तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है.