दक्षिण कोरिया में उड़ान के दौरान इमरजेंसी गेट खोलने से हड़कंप
सियोल में एशियाना एयरलाइंस की उड़ान में घटना
सियोल: दक्षिण कोरिया की एशियाना एयरलाइंस की एक उड़ान में एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले, जब विमान लगभग 650 फीट की ऊंचाई पर था, इमरजेंसी गेट खोल दिया। इस घटना के बाद यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और एयरलाइंस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को हुई थी। एयरबस A321-200 में 6 क्रू मेंबर्स और 194 यात्री सवार थे। यह घरेलू उड़ान सियोल से लगभग 240 किमी दक्षिण-पूर्व में डेगू इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली थी। जब विमान 200 मीटर की ऊंचाई पर था, तभी एक यात्री ने इमरजेंसी गेट खोल दिया।
दक्षिण कोरिया की एक समाचार एजेंसी ने बताया कि इस घटना में 9 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। घटना का एक वीडियो भी साझा किया गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि गेट खुलने से तेज हवा के कारण सब कुछ अस्त-व्यस्त हो गया। यात्रियों के बाल उड़ रहे थे और कुछ लोग डर के मारे चिल्ला रहे थे।
एक चश्मदीद ने कहा, 'ऐसा लगा जैसे विमान में धमाका होने वाला है। दरवाजे के पास बैठे यात्री बेहोश होने लगे।'
पुलिस ने 30 वर्षीय यात्री को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने गेट क्यों खोला, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि इस उड़ान में 48 एथलीट भी थे, जो एक राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे थे।
एशियाना एयरलाइंस ने कहा कि अचानक दरवाजा खुलने के कारण कुछ यात्रियों को सांस लेने में कठिनाई हुई और लैंडिंग के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, एयरलाइंस ने यह भी बताया कि इस घटना में कोई गंभीर चोट या क्षति नहीं हुई है।