तेजस्वी यादव के खिलाफ गढ़चिरौली में दर्ज हुई नई प्राथमिकी
तेजस्वी यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में तेजस्वी यादव के खिलाफ एक नई प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर है। शनिवार को पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि यह प्राथमिकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता की शिकायत पर दर्ज की गई। गुप्ता ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव की टिप्पणी से देश में व्यापक आक्रोश फैल गया है।
शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर की गई इस टिप्पणी ने न केवल आम जनता में बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं में भी रोष उत्पन्न किया है। इसके चलते तेजस्वी यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
गुप्ता के अनुसार, यह टिप्पणी राजद के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से की गई थी, जिसमें लिखा गया था, 'आज वोट चोर बिहार के गया में आएगा और बिहारियों के सामने झूठ पर झूठ बोलेगा।'
तेजस्वी यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) (अफवाह फैलाना) और 197(1)(ए) (तस्वीर के माध्यम से आरोप लगाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, गढ़चिरौली से भाजपा विधायक मिलिंद नरोटे ने भी तेजस्वी यादव के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इस शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाना), 356 (मानहानि), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 353 (सार्वजनिक रूप से अशांति फैलाने वाले बयान) का उल्लेख किया गया है।