तमिलनाडु में द्रमुक नेता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर कार्रवाई
द्रमुक नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
तंजावुर/चेन्नई, चार अगस्त: तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने एक फिल्म अभिनेत्री के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। मंगलवार को, टीवीके ने स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायतें दर्ज कराईं। इस मामले में, तंजावुर पुलिस ने स्टालिन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शिकायत तंजावुर पूर्व थाने में टीवीके की महिला शाखा की संयोजक एस भैरवी द्वारा दर्ज कराई गई है।
यह विवादास्पद टिप्पणी सोमवार को तंजावुर में ‘पनागल बिल्डिंग’ के पास द्रमुक द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान की गई। शिकायत में कहा गया है कि कावेरी मुद्दे पर उदयनिधि के भाषण के दौरान जब भीड़ ‘तृषा, तृषा’ के नारे लगा रही थी, तब उन्होंने एक अश्लील और द्विअर्थी टिप्पणी की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने और द्रमुक आईटी शाखा के अन्य सदस्यों ने जानबूझकर महिलाओं को नीचा दिखाने और अभिनेत्री को मानसिक पीड़ा पहुंचाने का प्रयास किया। इसके साथ ही, उन्होंने इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया।
टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पझा सेल्वकुमार ने नई दिल्ली में एनसीडब्ल्यू के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आयोग से उदयनिधि से स्पष्टीकरण मांगने और उन्हें बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। द्रमुक ने कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा के लिए इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। विवादास्पद टिप्पणियों के बाद, राज्य सरकार के मंत्रियों और पार्टी नेताओं ने ‘एक्स’ पर द्रमुक की कड़ी निंदा की।
उन्होंने स्टालिन के व्यवहार को ‘बेहद घिनौना’ बताते हुए कहा कि ऐसी हरकतें द्रमुक की मानसिकता और राजनीतिक संस्कृति को उजागर करती हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इस मुद्दे पर द्रमुक नेता पर निशाना साधा है। भाजपा के तमिलनाडु इकाई के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने इन टिप्पणियों को ‘घृणित, अश्लील, फूहड़ और शर्मनाक’ करार देते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की।