×

ट्रंप ने नेतन्याहू को दी कड़ी चेतावनी, इजरायल के हमलों पर जताई नाराजगी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन पर कड़ी फटकार लगाई है। ट्रंप ने नेतन्याहू से हिज्बुल्लाह पर हमलों को तुरंत रोकने की अपील की। इस बातचीत में ट्रंप ने कई बार अपशब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि अगर वह न होते, तो नेतन्याहू जेल में होते। नेतन्याहू ने ट्रंप की नाराजगी के बावजूद अपने फैसले पर अड़े रहने की बात कही और इजरायल के सख्त रुख को दोहराया।
 

ट्रंप की नेतन्याहू को फटकार

नई दिल्ली। इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन पर कड़ी फटकार लगाई। न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, इस बातचीत के दौरान ट्रंप ने कई बार अपशब्दों का इस्तेमाल किया।


‘पागल हो चुके हो, मैं न होता तो तुम जेल में होते…’ ट्रंप ने नेतन्याहू को सुनाई खूब खरी-खरी


हाल ही में, इजरायल ने दक्षिणी बेरुत में आतंकवादियों के खिलाफ हवाई हमलों का आदेश दिया था। इस कार्रवाई के बाद, ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही बातचीत से पीछे हटने की चेतावनी दी।


एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि उन्हें हिज्बुल्लाह पर हमलों को तुरंत रोकने की आवश्यकता है।


एक अमेरिकी अधिकारी ने इस बातचीत का विवरण साझा करते हुए बताया कि ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, 'तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो। अगर मैं न होता, तो तुम आज जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। इस समय हर कोई तुमसे नफरत करता है। तुम्हारी इन हरकतों के कारण आज हर कोई इजरायल से नफरत कर रहा है।'


ट्रंप की नाराजगी के बावजूद, नेतन्याहू अपने निर्णय पर अड़े हुए हैं। इस फोन कॉल के बाद, नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने इजरायल के सख्त रुख को दोहराया।



नेतन्याहू ने कहा, 'आज रात मैंने राष्ट्रपति ट्रंप से बात की। मैंने उन्हें स्पष्ट रूप से बताया कि यदि हिज्बुल्लाह ने हमारे शहरों और नागरिकों पर हमले बंद नहीं किए, तो इजरायल बेरुत में आतंकवादी ठिकानों पर हमला करेगा। हमारा यह रुख बिल्कुल नहीं बदला है। इसके साथ ही, इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान में अपनी कार्रवाई जारी रखेगी।'