×

झारखंड में ग्राम प्रधान की हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

झारखंड के खूंटी जिले में ग्राम प्रधान सोमा मुंडा की हत्या ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने की इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय नेताओं ने इस हत्या पर शोक व्यक्त किया है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। आदिवासी संगठनों ने इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया है। जानें इस घटना के सभी पहलुओं के बारे में।
 

खूंटी जिले में ग्राम प्रधान की हत्या

झारखंड के खूंटी जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी बृहस्पतिवार को दी।


पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को खूंटी थाना क्षेत्र के नामकुम-जमुआदग रोड पर हुई, जब ग्राम प्रधान अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।


मृतक की पहचान सोमा मुंडा के रूप में हुई है, जिन्होंने 2024 में खूंटी विधानसभा सीट के लिए चुनाव लड़ा था। मुंडा 22 गांवों के पारंपरिक मुखिया 'अदेल संगा प्रधा राजा' थे।


खूंटी के एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि शाम करीब सात बजे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मुंडा पर गोली चलाई। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहन छानबीन की जाएगी। खूंटी से कांग्रेस सांसद कालीचरण मुंडा ने ग्राम प्रधान की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया और पुलिस से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।


उन्होंने कहा, 'ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं। पुलिस को अपराधियों को तुरंत पकड़ना चाहिए और हत्या के कारण का पता लगाना चाहिए।'


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने फेसबुक पर लिखा, 'यह घटना झारखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।'


इस बीच, विभिन्न आदिवासी संगठनों ने बृहस्पतिवार सुबह विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतरकर कई स्थानों पर अवरोधक लगा दिए।