जयपुर में संवैधानिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन
कार्यशाला का उद्देश्य और संचालन
जयपुर। कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित संगठन CEWS (Center for Empowerment of Weaker Sections) ने रविवार को झालाना ऑफिसर इंस्टिट्यूट में एक दिवसीय संवैधानिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का संचालन जोधपुर आयुक्तालय की इंस्पेक्टर दीप्ति गोरा ने किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर कमजोर वर्गों के बीच संवैधानिक अधिकारों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत और प्रमुख वक्ता
सीईडब्लयूएस की संयोजिका सीमा हिंगोनिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे बुद्ध प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद प्रो. डॉ. आशा परमार ने संवैधानिक अधिकारों पर एक महत्वपूर्ण उद्बोधन दिया। इस अवसर पर हरियाणा से आए युवा कवि नितिन परिज्राजक ने "जाति है कि जाती नहीं" विषय पर काव्य पाठ किया, जिसे सभी ने सराहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुति और चर्चा
CEWS के निःशुल्क पाठशाला के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पूर्व पुलिस महानिदेशक राजस्थान, रवि प्रकाश मेहरड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार साझा किए।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम पर विशेष चर्चा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश बैरवा और सीमा हिंगोनिया शामिल हुए। इसके बाद, राकेश बैरवा, दीप्ति गोरा और एडवोकेट प्रवीण बौद्ध ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर दिया।
उपस्थित लोग
इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिकों की बड़ी संख्या उपस्थित रही।