जयपुर में भारत टैक्सी सेवा पर कार्यशाला का आयोजन
कार्यशाला का आयोजन
जयपुर, 5 जुलाई। सहकार सप्ताह के छठे दिन सहकार भवन में युवाओं के लिए सहकारिता के महत्व और भारत टैक्सी सेवा पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएलडीबी के प्रबंध निदेशक जितेंद्र शर्मा ने की। इस दिन को यूथ दिवस के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
जितेंद्र शर्मा ने बताया कि भारत टैक्सी पूरी तरह से स्वदेशी सेवा है, जिसमें कोई विदेशी प्रदाता शामिल नहीं है। इस ऐप ने बहुत कम समय में बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी बताया कि पहली राइड बुकिंग पर उपभोक्ताओं को अमूल आइसक्रीम का विशेष कूपन दिया जाएगा, जिसे ब्लिंकिट से मंगवाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी सेवा किफायती और सुरक्षित है, जिसमें किराया अन्य प्रदाताओं की तुलना में 10 प्रतिशत तक कम है। यह सेवा सर्ज फ्री प्राइसिंग पर आधारित है, जो ड्राइवरों और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा करती है।
भारत टैक्सी के नोडल अधिकारी भोमाराम ने बताया कि यदि उपभोक्ता किसी कारणवश बुकिंग रद्द करते हैं, तो उनसे कोई कैंसिलेशन चार्ज नहीं लिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए महिला ड्राइवर्स को विशेष रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है।
भारत टैक्सी जीरो कमीशन मॉडल पर कार्य करता है, जिससे ड्राइवरों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिलता है और उपभोक्ताओं को कम कीमत पर बेहतर, सुरक्षित और विश्वसनीय सेवा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में सहकारिता और स्वदेशी के इस अनूठे संगम की सराहना की गई और युवाओं से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार जयपुर खंड मदन लाल गुर्जर, अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रोसेसिंग शुद्धोधन उज्ज्वल, संयुक्त रजिस्ट्रार मार्केटिंग श्रीमती सोनल माथुर, संयुक्त रजिस्ट्रार प्लान अनिल कुमार, प्रबंध निदेशक काॅनफैड राजेन्द्र सिंह, उप रजिस्ट्रार बैंकिंग श्रीमती अदिति गोठवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यशाला का संचालन राजस्थान सहकारी संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद रफीक ने किया।