जयपुर में 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन का आयोजन
राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन 2026 का शुभारंभ
राजस्थान की राजधानी जयपुर आज देश के सबसे बड़े डिजिटल गवर्नेंस कार्यक्रम का केंद्र बन रही है। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (NCeG 2026) का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किया जाएगा। यह सम्मेलन 1 और 2 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसका मुख्य विषय है “विकसित भारत 2047: एआई सक्षम, डेटा संचालित एवं सुरक्षित डिजिटल गवर्नेंस”।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से 2,700 से अधिक प्रतिनिधि, 200 से अधिक विशेषज्ञ, 1,100 स्टार्टअप्स, 400 शिक्षाविद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा आधारित निर्णय प्रणाली, साइबर सुरक्षा और डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिक-केंद्रित एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था को सशक्त बनाना है।
उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रदर्शनी का उद्घाटन भी होगा, साथ ही राजस्थान सरकार की नई डिजिटल जनसेवाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
सम्मेलन में छह प्लेनरी और छह ब्रेकआउट सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें AI आधारित गवर्नेंस, स्मार्ट पुलिसिंग, सुरक्षित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, वॉयस-फर्स्ट पब्लिक सर्विसेज, क्वांटम टेक्नोलॉजी, डीप टेक और नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों, उद्योग, स्टार्टअप्स और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना, ई-गवर्नेंस की सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के माध्यम से गति देना है। जयपुर में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन भारत की भविष्य की डिजिटल शासन व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।