जयपुर की ढूंढाड़ी: सांस्कृतिक धरोहर और लोकजीवन की पहचान
गुलाबी नगरी की आत्मीयता
जयपुर। गुलाबी नगरी की पहचान केवल उसके भव्य महलों और ऐतिहासिक हवेलियों तक सीमित नहीं है। इस शहर की आत्मा उसके लोकजीवन, रीति-रिवाजों और उस मीठी बोली में भी समाहित है, जो पीढ़ियों से संवाद और अपनत्व का माध्यम बनी हुई है। यह बोली ढूंढाड़ी कहलाती है, जिसे जयपुरी भी कहा जाता है। जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को समझने के लिए ढूंढाड़ी के शब्दों और लहजे की मिठास को महसूस करना आवश्यक है। इसकी सहजता में अपनापन है, और बोलने का अंदाज ऐसा है कि अनजान व्यक्ति भी अपनेपन का अनुभव करता है।
ढूंढाड़ी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
ढूंढाड़ क्षेत्र राजस्थान के पूर्वी हिस्से का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक केंद्र है, जिसमें जयपुर प्रमुख है। 1727 में महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय द्वारा स्थापित नगर के साथ इस क्षेत्र की भाषा और लोकपरंपराओं को एक विशिष्ट पहचान मिली। किसी भी समाज की सभ्यता को समझने में उसकी भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ढूंढाड़ी ने सदियों से यही भूमिका निभाई है।
राजस्थानी भाषा में विशिष्टता
ढूंढाड़ी राजस्थानी भाषा की पूर्वी शाखा की प्रमुख बोली है, जिसका प्रभाव जयपुर के अलावा दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, सीकर और आस-पास के क्षेत्रों में भी देखा जाता है। इसके शब्दों और उच्चारण में विविधता है, लेकिन इसकी मौलिक पहचान और विशिष्टता कायम है।
भाषाई सौंदर्य का अनावरण
ढूंढाड़ी की एक खास विशेषता इसकी सहायक क्रियाओं का प्रयोग है। सामान्य बातचीत में 'छै' शब्द इसकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उदाहरण के लिए, हिंदी में 'वह सो रहा है' को ढूंढाड़ी में 'वो सोर्यो छै' कहा जाता है। ये शब्द केवल बोलचाल की अभिव्यक्ति नहीं हैं, बल्कि ढूंढाड़ी की व्याकरणिक संरचना को भी दर्शाते हैं।
समय के अनुसार बदलते शब्द
ढूंढाड़ी की एक और रोचक विशेषता यह है कि इसमें सहायक क्रिया के स्वर में मामूली परिवर्तन से समय का अर्थ बदल जाता है। जैसे 'वा जारी छै' का अर्थ है वह जा रही है, जबकि 'वा जारी छी' का अर्थ है वह जा रही थी।
लोकजीवन में ढूंढाड़ी की मिठास
ढूंढाड़ी का असली सौंदर्य उसके व्याकरण और शब्दों में नहीं, बल्कि उस सहज संवाद में है जो जयपुर और आसपास के गांवों में आज भी सुनाई देता है। यह बोली घर-परिवार की बातचीत, लोकगीतों, कहावतों और सामाजिक आयोजनों में अपनी मिठास बिखेरती है।
जयपुर की सांस्कृतिक पहचान
किसी शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों से नहीं बनती, बल्कि वहां के लोगों की भाषा और व्यवहार भी उसे विशिष्ट बनाते हैं। जयपुर की ढूंढाड़ी इसी पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह बोली गुलाबी नगरी के अतीत को वर्तमान से जोड़ती है और आने वाली पीढ़ियों तक लोकसंस्कृति की विरासत पहुंचाने का माध्यम बनती है।
लेखक की पहचान
डॉ गोरधन लाल शर्मा
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लेखक, समाजशास्त्री एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी