छत्तीसगढ़ में हनुमंत कथा के चौथे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिया आशीर्वाद
हनुमंत कथा का चौथा दिन
रायपुर : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हनुमंत कथा में लिया भाग, पं. धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया
रायपुर
जयंती स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने व्यासपीठ की आरती में भाग लिया और पं. धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय और पूर्व सांसद सुसरोज पाण्डेय भी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन भूमि की ओर से और राज्य सरकार की तरफ से वे पं. धीरेंद्र शास्त्री महाराज को नमन और अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराज के आगमन से समाज में सकारात्मक चर्चाएँ होती हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब भी वे महाराज के कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं, उन्होंने समाज में ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने के लिए उनके प्रयास देखे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. धीरेंद्र शास्त्री समाज में समरसता, एकता और देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं। सनातन संस्कृति की प्रतिष्ठा और जन-जागरूकता के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की इच्छा है कि महाराज का छत्तीसगढ़ में बार-बार आगमन हो और उनका मार्गदर्शन मिलता रहे।
उप मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी चर्चा की और कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के समापन के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस दिशा में महाराज की चिंता और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में पुनः महाराज के छत्तीसगढ़ आगमन की कामना की।