छत्तीसगढ़ में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट, जानें मौसम का हाल
छत्तीसगढ़ में ठंड का कहर जारी
रायपुर
छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य क्षेत्र में अगले दो दिनों के लिए शीतलहर की स्थिति और उत्तरी क्षेत्रों में सुबह के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, 6 जिलों में शीतलहर का अलर्ट और 7 जिलों में कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भी कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है। अगले दो दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की उम्मीद है, लेकिन इसके बाद तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में माना और अन्य क्षेत्रों का तापमान फिर से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
शीतलहर और कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा, 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.