छतरपुर में एंबुलेंस की चपेट में आया 3 साल का बच्चा, मौत से गांव में छाया मातम
दर्दनाक हादसा छतरपुर में
छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी है। तेज गति से चल रही एक अनियंत्रित 108 एंबुलेंस ने एक 3 साल के बच्चे की जान ले ली। यह घटना ग्राम कुसमा में हुई, जहां एंबुलेंस ने खेल रहे बच्चे को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बच्चे को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को कुसमा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एंबुलेंस ने सड़क पर खेल रहे बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनकर अस्पताल में परिजनों का रोना-पीटना शुरू हो गया। मां का हाल बेहाल है। इस घटना ने पूरे कुसमा गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।