चीन की स्कूली लड़की का वायरल वीडियो: बस स्टॉप पर मार्शल आर्ट्स का अभ्यास
बस स्टॉप पर मार्शल आर्ट्स का अभ्यास
बस स्टॉप पर लड़की ने की मार्शल आर्ट्स की प्रैक्टिसImage Credit source: X/@SpoxCHN_MaoNing
बस स्टॉप पर बस का इंतजार करना अक्सर लोगों के लिए थकाऊ हो सकता है। लेकिन हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्कूली लड़की बस का इंतजार करते हुए मार्शल आर्ट्स का अभ्यास करती दिखाई दे रही है। उसके मूव्स की गति, सटीकता और संतुलन देखकर कोई भी दंग रह जाएगा। यह वायरल वीडियो चीन का बताया जा रहा है।
वीडियो की शुरुआत रात के अंधेरे में होती है, जहां स्ट्रीट लाइट्स और बस स्टॉप की रोशनी फैली हुई है। एक स्कूली लड़की बिना किसी झिझक के मार्शल आर्ट्स का अभ्यास कर रही है। कभी वह हवा में किक मारती है, तो कभी हाथों को घुमाती है। उसके हर मूव में आत्मविश्वास झलकता है। ऐसा लगता है जैसे उसने बस स्टॉप को अपने प्रशिक्षण का मैदान बना लिया है। इस तरह, उसने बस का इंतजार करते हुए अपने समय का सही उपयोग किया, जो सोशल मीडिया पर छा गया है।
मार्शल आर्ट्स का अभ्यास
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर @SpoxCHN_MaoNing नाम की आईडी से साझा किया गया है, जिसमें लिखा गया है, ‘एक चीनी स्कूली छात्रा बस का इंतजार करते समय मार्शल आर्ट्स का अभ्यास कर रही थी। मास्टरी अपने काम के प्रति प्यार में होती है।’
इस 27 सेकंड के वीडियो को अब तक 59 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है, और 5 हजार से अधिक लोगों ने इसे लाइक किया है। कई यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘मार्शल आर्ट्स आत्मरक्षा के लिए आवश्यक है और इन बच्चों का स्तर किसी भी सामान्य ब्लैक बेल्ट के बराबर है। यह अद्भुत है कि उनमें इतनी भूख और चाहत है।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, ‘वह समय बर्बाद नहीं कर रही है। वह अपनी स्किल्स को बढ़ा रही है, इसी तरह महानता हासिल की जाती है।’