गुना में युवती के साथ ब्यूटी पार्लर में रेप का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
गुना में शर्मनाक घटना का खुलासा
गुना: शहर के कैंट थाना क्षेत्र में गुलाबगंज इलाके में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय महिला को ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण देने के बहाने बार-बार यौन शोषण का शिकार बनाया गया। इस अपराध में मुख्य आरोपी शरीफ खान के साथ उसकी पत्नी यास्मीन और भाई मुबीन खान भी शामिल हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह यास्मीन के साथ पार्लर का काम सीखने जाती थी, जिसके चलते उसका उनके घर आना-जाना था। एक महीने पहले जब वह यास्मीन के बुलावे पर उसके घर पहुंची, तो वहां शरीफ अकेला था। उसने युवती के साथ बलात्कर किया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। जब पीड़िता ने यास्मीन को इस बारे में बताया, तो उसने आरोपी को रोकने के बजाय उसे चुप रहने की सलाह दी। यास्मीन बाहर खड़ी रहकर शरीफ की मदद करती थी जबकि वह युवती के साथ दुष्कर्म करता था।
शनिवार को शरीफ ने फिर से युवती को घर बुलाया और धमकी दी। जब वह वहां पहुंची, तो शरीफ, यास्मीन और मुबीन मौजूद थे। इस बार युवती ने विरोध किया और शरीफ को धक्का देकर गिरा दिया। इस दौरान यास्मीन और मुबीन बाहर खड़े रहे।
किसी ने युवती के परिजनों को सूचना दी, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे चोट आई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने जाकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने सामूहिक बलात्कार और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और स्थानीय लोग कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।