गाजीपुर में विनीत राय हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
गाजीपुर में मुठभेड़ में आरोपी ढेर
गाजीपुर समाचार: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विनीत राय के हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया है। बिंदु होटल के मालिक के बेटे विनीत राय की हत्या के मामले में कटरा गैंग का सदस्य कमलेश बिंद मुठभेड़ में ढेर हो गया। उसे गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना 29 मई को सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर में हुई थी। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल हो गए हैं।
शुक्रवार की रात 11:15 बजे विनीत राय की हत्या की गई थी, जब वह अपने होटल से खाना खाकर बुलेट पर घर लौट रहे थे। होटल के गेट पर कटरा गैंग के बदमाशों ने उन पर हमला किया। आज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के आरोपी कमलेश चौधरी बिंद को STF के साथ मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान SOG प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी है।
पुलिस ने दर्ज किया था मामला
विनीत की हत्या के मामले में पुलिस ने कटरा गैंग के पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। गैंग के सरगना शंकर पांडेय, जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव, आलोक दुबे और कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के खिलाफ नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
स्वाट टीम प्रभारी को भी लगी गोली
पुलिस के अनुसार, कुर्था गांव में मुठभेड़ के दौरान कमलेश चौधरी को ढेर कर दिया गया। वह विनीत राय हत्या के मामले में वांछित था और मुठभेड़ के समय फरार चल रहा था। इस मुठभेड़ में स्वाट टीम के प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी है।