गर्मी में पौधों की देखभाल के लिए उपयोगी टिप्स
गर्मी में पौधों की देखभाल
कई लोग अपने घर की छत और बालकनी में पौधे लगाते हैं। एक छोटे से बाग में रंग-बिरंगे फूल, सब्जियां, फल और हरे पौधे सजावट का काम करते हैं। लेकिन अगर इनकी देखभाल सही तरीके से नहीं की जाए, तो ये जल्दी मुरझाने लगते हैं और गमले की मिट्टी भी सूख जाती है। खासकर गर्मियों में यह समस्या अधिक होती है। यदि सावधानी नहीं बरती गई, तो आपके गार्डन के पौधे जल्दी खराब हो सकते हैं।
गर्मी के मौसम में यदि गमले की मिट्टी जल्दी सूख रही है और पौधे मुरझाने लगे हैं, तो कुछ सरल उपायों से आप इन्हें बचा सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ गार्डनिंग टिप्स, जिनकी मदद से आप अपने पौधों की देखभाल कर सकते हैं।
पानी देने का सही समय
गर्मी में पौधों को पानी देने का सही तरीका जानना बहुत जरूरी है। कई बार गलत तरीके से दिया गया पानी पौधों को नुकसान पहुंचा सकता है। इस मौसम में सुबह जल्दी या शाम को पानी देना बेहतर होता है। दोपहर में पानी देने से उसका बड़ा हिस्सा वाष्प बनकर उड़ जाता है, जिससे जड़ों तक नमी नहीं पहुंच पाती। सही समय पर सिंचाई से पौधे लंबे समय तक हरे-भरे और स्वस्थ रहते हैं।
मल्चिंग का महत्व
गर्मी में मल्चिंग भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह मिट्टी को सूखने और पौधों को मुरझाने से बचाने में मदद करती है। गमले या क्यारी की मिट्टी पर सूखी पत्तियां, नारियल की भूसी, घास या लकड़ी के बुरादे की परत बिछाने से मिट्टी जल्दी नहीं सूखती और लंबे समय तक नमी बनी रहती है। इससे पौधों की वृद्धि में सुधार होता है।
धूप से सुरक्षा
दोपहर की तेज धूप से पौधों की पत्तियां जल सकती हैं, इसलिए इन्हें धूप से बचाना जरूरी है। पौधों को शेड नेट, जाली या किसी छायादार स्थान पर रखना चाहिए। आप चाहें तो ऊपर से चादर को चार कोनों में बांधकर शेड बना सकते हैं। इससे पत्तियों के जलने और झुलसने का खतरा कम हो जाता है।
मिट्टी की उर्वरता
गर्मी में मिट्टी सूखने पर उसकी उर्वरता कम हो जाती है और पानी भी जल्दी निकल जाता है। इसलिए कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट या गोबर की सड़ी खाद मिलानी चाहिए। ऑर्गेनिक पदार्थ मिट्टी को लंबे समय तक नम बनाए रखते हैं, जिससे पौधों को आवश्यक पोषक तत्व मिलते रहते हैं।
पौधों की सही स्थिति
पौधों को ऐसी जगह रखें जहां सुबह और शाम की धूप मिले। दोपहर की तेज धूप से मिट्टी जल्दी सूखती है और पत्तियां मुरझाने लगती हैं। इन तरीकों को अपनाकर आप अपने छोटे से गार्डन के पौधों को स्वस्थ और सुरक्षित रख सकते हैं।
इसके अलावा, पौधों की नियमित देखभाल भी आवश्यक है। यदि कोई पत्ता पीला या खराब हो गया है, तो उसे पौधे से हटा देना चाहिए। खराब पत्तियों के कारण पौधों की वृद्धि प्रभावित हो सकती है।