खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए मशाल गौरव यात्रा की शुरुआत
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का प्रचार
रायपुर. छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने देश में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार के लिए मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह यात्रा राज्य के सभी जिलों में जाएगी, जिससे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस यात्रा के दौरान शुभंकर मोरवीर, थीम-सांग और मशाल के साथ प्रदेशभर में घूमकर लोगों को इस आयोजन की जानकारी दी जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित अपने सरकारी निवास से इस यात्रा को रवाना करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि इस महत्वपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी राज्य को मिली है। उन्होंने भारत सरकार और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया और बताया कि राज्य में इस आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 7-8 जनवरी को
खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में कुल सात खेल शामिल हैं, जिनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेट-लिफ्टिंग शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 7 और 8 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे। बिलासपुर में तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए ट्रायल होंगे, जबकि हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती और वेट-लिफ्टिंग के ट्रायल रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में होंगे। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक रश्मि ठाकुर और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।