खाने में तीखापन कम करने के आसान उपाय
खाने में तीखापन कम करने के उपाय
खाना बनाते समय कभी-कभी नमक या मिर्च ज्यादा हो जाती है, जिससे डिश का स्वाद बिगड़ जाता है। खासकर जब मेहमान आए हों और सब्जी या ग्रेवी में मिर्च अधिक हो जाए, तो महिलाएं अक्सर चिंता में पड़ जाती हैं कि इसे कैसे ठीक किया जाए। हालांकि, पूरी तरह से इसे सही नहीं किया जा सकता, लेकिन इसके स्वाद को संतुलित करने के लिए कुछ उपाय किए जा सकते हैं।
क्रीम का उपयोग करें
अगर सब्जी या ग्रेवी बहुत तीखी हो गई है, तो उसमें ताजा क्रीम या मलाई मिलाने से मदद मिल सकती है। क्रीम का गाढ़ा टेक्सचर और हल्का मीठा स्वाद मिर्च के तीखेपन को संतुलित कर देता है। इसे हल्की आंच पर गर्म करके डालें और अच्छे से मिलाएं।
खोया या काजू का पेस्ट मिलाएं
ग्रेवी में घिसा हुआ मावा या काजू का पेस्ट डालने से भी स्वाद को संतुलित किया जा सकता है। एक बार चखकर देख लें और जरूरत पड़ने पर थोड़ा नमक या खटाई डालें।
दही का इस्तेमाल करें
डेयरी उत्पाद जैसे दही भी तीखापन कम करने में प्रभावी होते हैं। दही को सब्जी या ग्रेवी में मिलाने से कूलिंग इफेक्ट आता है। ध्यान रखें कि दही डालते समय आंच धीमी हो।
घी से बैलेंस करें
अगर खाना बहुत तीखा हो गया है, तो उसमें थोड़ा देसी घी मिलाने से मदद मिलती है। घी न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि मिर्च के तीखेपन को भी कम करता है।
तीखापन कम करने के अन्य उपाय
- उबले आलू मिलाएं: आलू सब्जी में डालने से मिर्च का असर कम हो जाता है।
- नींबू या खट्टापन जोड़ें: नींबू का रस या इमली डालने से स्वाद संतुलित होता है।
- बेसन या आटा मिलाएं: थोड़ी मात्रा में बेसन या आटा डालकर पकाने से तीखापन कम होता है।
- मीठा मिलाएं: चीनी या शहद डालने से फ्लेवर संतुलित होता है।