खरगोन में दम्पति की संदिग्ध मौत, जांच शुरू
खरगोन में दम्पति की रहस्यमय मौत
खरगोन, 30 जुलाई: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक दम्पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के खलटांका पुलिस चौकी अंतर्गत सालिमपुरा गांव में बुधवार दोपहर को हुई।
अधिकारी के अनुसार, 31 वर्षीय प्रवीण मुनिवर और उनकी 27 वर्षीय पत्नी शीला बाई अपने घर में मृत पाए गए। परिजनों ने उन्हें कसरावद अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शकुंतला रूहल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि दोनों की मृत्यु जहर खाने के कारण हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण स्पष्ट होगा।
उन्होंने कहा कि दम्पति ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच बलकवाड़ा थाना पुलिस कर रही है। मृतक दम्पति के परिजनों और आस-पास के लोगों के बयान भी लिए जाएंगे। रूहल ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने पर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। दोनों शवों का पोस्टमार्टम बुधवार की शाम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।