कैमूर में संदिग्ध सूटकेश से मिले शव के अंग, पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्गावती नदी के किनारे मिलीं संदिग्ध वस्तुएं
कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में दुर्गावती नदी के किनारे दो संदिग्ध सूटकेश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों की सूचना पर पुलिस ने जब सूटकेश खोले, तो उनमें कटे हुए शव के अंग पाए गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बरामद अवशेषों में एक बच्चे और एक वयस्क व्यक्ति के शव के हिस्से शामिल हैं.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर के एसपी हरिमोहन शुक्ला ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच की स्थिति का जायजा लिया। एफएसएल और डीआईयू की टीम भी मौके पर पहुंचकर सैंपल इकट्ठा करने में जुट गई। आरजेडी नेता अजीत सिंह ने कहा कि यहां दो शवों के अंग मिले हैं और दोनों को काटा गया है, साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
पुलिस की जांच जारी
कैमूर के एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि मोहनिया थाना और रामगढ़ थाना क्षेत्र की सीमा पर ग्रामीणों ने नदी किनारे शव के अंग देखे जाने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि सभी अंगों को सुरक्षित तरीके से इकट्ठा किया जा रहा है और जांच की जा रही है। एसपी ने यह भी बताया कि कैमूर जिले में अब तक इस तरह की किसी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शवों की पहचान के लिए आसपास के जिलों को भी सूचित किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही खुलासे का दावा कर रही है.